
सुशील कुमार शर्मा की शहादत को आधिकारिक सम्मान दिलाना समाज का दायित्व : डॉ. केशव पाण्डेय
कैट के निर्देश के बाद शौर्य चक्र के लिए रेलवे को फिर करनी है अनुशंसा, गृह मंत्रालय के स्तर पर विचाराधीन है मामला; संविधान दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान
ग्वालियर। मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसटी) रेलवे स्टेशन पर 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में यात्रियों की जान बचाने के प्रयास में अपने प्राण न्योछावर करने वाले रेलवे अधिकारी सुशील कुमार शर्मा की शहादत को आधिकारिक सम्मान दिलाने की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठी। अखिल भारतीय शहीद सुशील कुमार शर्मा फाउंडेशन द्वारा उनकी 18वीं पुण्यतिथि एवं संविधान दिवस के अवसर पर इंटरनेशनल सेंटर फॉर मीडिया एक्सीलेंस, पड़ाव में आयोजित सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि देश और समाज के लिए असाधारण साहस और त्याग का परिचय देने वाले सुशील कुमार शर्मा को उनकी शहादत के अनुरूप राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी के दुबे थे। अध्यक्षता पुष्पगिरी विश्वविद्यालय, देवास के पूर्व कुलगुरु आचार्य डॉ. एस के माथुर ने की। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी एवं शहीद फाउंडेशन के परामर्शक डॉ. केशव पांडेय थे।
डॉ. केशव पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि 26 नवंबर 2008 का मुंबई आतंकी हमला देश के इतिहास की ऐसी त्रासदी है, जिसने पूरे राष्ट्र को झकझोर दिया था। उस रात छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर ड्यूटी कर रहे सहायक मुख्य टिकट निरीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की सुरक्षा के लिए असाधारण साहस का परिचय दिया। रेलवे के आधिकारिक घटनाक्रम संबंधी रिकॉर्ड के अनुसार, हमले की आवाज सुनकर उन्होंने तत्काल नियंत्रण कक्ष को सूचना दी और कर्मचारियों के मना करने के बावजूद यात्रियों की सहायता के लिए मुख्य यात्री परिसर की ओर जाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बालिका की जान बचाते हुए आतंकियों की गोलियां लगने से वे शहीद हो गए। उनका यह कर्तव्यबोध केवल एक कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में राष्ट्र और नागरिकों के प्रति सर्वोच्च समर्पण का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि सुशील कुमार शर्मा की शहादत को उचित राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के लिए फाउंडेशन और उनका परिवार लंबे समय से कानूनी एवं प्रशासनिक संघर्ष कर रहे हैं। यह लड़ाई किसी व्यक्तिगत लाभ अथवा प्रतिष्ठा के लिए नहीं, बल्कि उस साहस और बलिदान को उचित पहचान दिलाने के लिए है, जिसे देश की स्मृति में सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए।
डॉ. पांडेय ने बताया कि इस मामले में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट), जबलपुर की ग्वालियर सर्किट बेंच ने 4 जुलाई 2025 को महत्वपूर्ण निर्णय दिया। अधिकरण ने रेलवे के पूर्व के परस्पर विरोधाभासी रुख पर गंभीर सवाल उठाते हुए सुशील कुमार शर्मा के मामले में शौर्य चक्र के लिए अनुशंसा करने तथा गृह मंत्रालय को विशेष स्वीकृति की आवश्यकता होने पर उस पर विचार करने के निर्देश दिए हैं। अधिकरण ने परिवार को बकाया पांच लाख रुपये अनुग्रह राशि देने के निर्देश भी दिए। अब इस मामले में गृह मंत्रालय के स्तर पर आगे की कार्रवाई और निर्णय की प्रतीक्षा है। फाउंडेशन को विश्वास है कि सरकार न्यायाधिकरण के निर्देशों, रेलवे के अभिलेखों और सुशील कुमार शर्मा के अद्वितीय साहस को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत उचित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की पहचान केवल उसकी आर्थिक और सैन्य शक्ति से नहीं होती, बल्कि अपने नागरिकों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को दिए जाने वाले सम्मान से भी होती है। सुशील कुमार शर्मा जैसे व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी स्मृति में फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2009 से निरंतर किए जा रहे प्रयास इसी सामाजिक उत्तरदायित्व का हिस्सा हैं।
समारोह में संविधान दिवस के संदर्भ में लोक प्रशासन एवं संविधान विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित की गई। वक्ताओं ने संविधान में निहित नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोक प्रशासन की जवाबदेही पर विचार व्यक्त किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर असाधारण प्रतिभा एवं बहादुर नागरिक सम्मान से राकेश कुमार शर्मा, क्षेत्रीय ग्रंथपाल; विवेक कुमार सोनी, मुख्य प्रबंधक केंद्रीय ग्रंथालय; डॉ. देवेंद्र पवार देव, समाजसेवी एवं साहित्यकार; इंजीनियर एचएस कोचर, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार; टी एन मनीष, लेखन, पत्रकारिता एवं संपादन; आनंद धाकड़, भास्कर समूह, पत्रकारिता एवं संपादन; अतुल कुमार सक्सेना, स्वतंत्र पत्रकारिता; ओमी पांडे, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी; मध्य प्रदेश बार काउंसिल के कोषाध्यक्ष एडवोकेट गौरव मिश्रा, ग्वालियर रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ , श्रीमति दीपशिखा सिंह, टीआई, रेल यात्रियों की जीवन सुरक्षा में उल्लेखनीय सेवाओं; श्री मनोज कुमार शर्मा एस एच ओ आरपीएफ, एम.के. कदम, प्रभारी टीआई आरपीएफ; धीर सिंह, प्रधान आरक्षक आरपीएफ; जितेंद्र सिंह, आरक्षक आरपीएफ; शिव सिंह यादव, प्रधान आरक्षक आरपीएफ तथा उमेश कुमार, प्रधान आरक्षक आरपीएफ
को सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए गजेन्द्र सिंह घुरैया, प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय पारसेन; शांतनु सिंह चौहान, व्याख्याता एवं प्रभारी प्राचार्य हाई स्कूल पारसेन तथा पुष्यमित्र, टीजीटी शिक्षक, मिडिल स्कूल पारसेन को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर हुई इस चित्रकला और ड्राइंग प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया
कार्यक्रम का संचालन संस्था के संयोजक और विधि क्षेत्र के प्रख्यात शिक्षाविद् महेंद्र कुमार शर्मा ने किया । फाउंडेशन के इस विशेष समारोह में सहयोग श्री संजय अरोड़ा श्रीमती रचना शर्मा सुश्री नंदा कक्कड़ , हरि ओम चौरसिया ,जितेंद्र बघेल एवं सुश्री तारा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति बी के दुबे एवं अध्यक्षता कर रहे आचार्य डॉ. एस के माथुर ने सम्मानित प्रतिभाओं और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पहचान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। समारोह में फाउंडेशन के पदाधिकारी, शिक्षाविद, पत्रकार, समाजसेवी, रेलवे एवं आरपीएफ से जुड़े प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समझ में पधारे अतिथियों ने आयोजन के दौरान फाउंडेशन का 2026 का ब्रोशर भी लोकार्पित किया। आयोजन में पधारे अतिथियों का स्वागत संस्था के सदस्य श्री अश्विन कुमार माहेश्वरी जी ने किया ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन संस्था सचिव आलोक द्विवेदी द्वारा किया गया
Keep reading
More from Legal News

Legal News
मैं स्वभाव से ही बार का सेवक हूँ - एड. नीरज भार्गव* एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट, महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग से बार - कक्ष, जूनियर अधिवक्ताओं के लिए विशेष ट्रेनिंग-व्यवस्था कार्य प्राथमिकता पर
Newsroom Owner / Nov 23, 2026

Legal News
हाईकोर्ट बार अध्यक्ष पद की दावेदारी में 7 और सचिव के लिए आए 8 प्रत्याशी चुनावी मैदान में , हाईकोर्ट बार चुनाव में अब शुरू हुआ सोशल मीडिया प्रचार वार
Newsroom Owner / Nov 22, 2026

Legal News
कोई भी व्यक्ति जन्म से अपराधी नहीं होता - प्रधान जिला न्यायाधीश ललित किशोर
Newsroom Owner / Nov 16, 2026